September 5, 2026

Jamshedpur: ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर जमशेदपुर में सुरक्षा और ट्रैफिक की तैयारी तेज

Screenshot_20260824_103740_Google

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर में 26 अगस्त 2026 को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 18वां संयुक्त जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। आयोजन को लेकर तंजीम अहले सुन्नत व जमात की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जुलूस को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात और अनुशासन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जुलूस सुबह 8:30 बजे मानगो गांधी मैदान से शुरू होगा। इसके बाद यह साकची आमबागान मैदान, साकची गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड और जुस्को गोलचक्कर होते हुए धतकीडीह सामुदायिक मैदान पहुंचेगा। यहां दोपहर करीब 2:30 बजे उलेमा-ए-कराम की तकरीर और दुआ के साथ जुलूस के समापन की योजना है।

500 से अधिक वॉलिंटियर संभालेंगे ट्रैफिक: जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए 500 से अधिक प्रशिक्षित वॉलिंटियर तैनात किए जाएंगे। धतकीडीह, जुगसलाई और आजादनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में वॉलिंटियरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें सेफ्टी टी-शर्ट और पहचान पत्र दिए जाएंगे, ताकि वे जुलूस के मार्ग पर भीड़ और यातायात को व्यवस्थित रखने में प्रशासन का सहयोग कर सकें। आयोजकों के अनुसार, एम्बुलेंस और जरूरी वाहनों के आवागमन में बाधा न आए, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। छोटे ट्रक और मोटरसाइकिल सवारों को जुलूस के पीछे चलने की व्यवस्था की गई है।

वहीं, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक भी हुई, जिसमें शांतिपूर्ण आयोजन, प्रशासन के निर्देशों का पालन और आपसी भाईचारा बनाए रखने पर चर्चा की गई। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर में सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। 26 अगस्त को आजाद मैरिज हॉल में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें रेड क्रॉस सोसाइटी का सहयोग रहेगा

प्रशासन और आयोजन समिति की तैयारियों का मुख्य उद्देश्य यह है कि जुलूस धार्मिक आस्था के साथ-साथ शांति, अनुशासन और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न हो तथा आम लोगों को यातायात संबंधी कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

You may have missed