गोरखपुर में बड़ा हादसा: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, करंट लगने से 3 की मौत, 10 झुलसे
सर्च न्यूज: सच के साथ: गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बेहद दर्दनाक और भीषण हादसा सामने आया है। यहाँ विसर्जन जुलूस के दौरान करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से झुलस गए। इस अचानक हुए हादसे से विसर्जन के रंग में भंग पड़ गया और नाचते-गाते जा रहे श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। करंट से झुलसे सभी 10 घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज (BRD Medical College) के नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
