September 6, 2026

Golmuri Firing:गोलमुरी बाजार में ₹1 लाख की रंगदारी को लेकर विवाद, हवाई फायरिंग से ग्राहकों और दुकानदारों में दहशत, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

        Screenshot_20260718_204400_Instagram

        सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुरः गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मार्केट में शनिवार देर शाम हवाई फायरिंग की घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही दुकानदार और ग्राहक दहशत में आ गए और कई लोग अपनी दुकानें छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ युवक बाजार पहुंचे और कथित तौर पर दुकानदारों से एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग को लेकर विवाद करने लगे। इसी दौरान लोगों को डराने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की गई जिससे कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

        घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला कथित रंगदारी से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि रंगदारी के एंगल की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

        आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।