November 3, 2026

दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन सख्त, अश्लील गीत-संगीत और नृत्य पर रोक: पूजा समितियों को उपायुक्त की सख्त हिदायत, नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

file_00000000940481f4aa3b9bfa2155164d

सर्च न्यूज: सच के साथ; जमशेदपुर, 8 अक्टूबर 2026।
दुर्गापूजा 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर द्वारा जारी आदेश में सभी दुर्गापूजा समितियों को पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान प्रशासनिक निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा गया है।

आदेश के अनुसार इस वर्ष दुर्गापूजा का आयोजन 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक होगा, जबकि 21 अक्टूबर 2026 को प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा।

प्रशासन ने विशेष रूप से भक्ति जागरण, नवरात्रि डांडिया नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर निर्देश जारी किए हैं। इन कार्यक्रमों में अश्लील गीत, अश्लील पोशाक एवं अश्लील नृत्य का आयोजन नहीं करने को कहा गया है। साथ ही ऐसे किसी भी कार्यक्रम से बचने का निर्देश दिया गया है, जिससे शांति एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले आयोजकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए आदेश की प्रतियां भेजी गई हैं।

प्रशासन ने सभी दुर्गापूजा समितियों से अपील की है कि दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व को मर्यादा, शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्रशासन को सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

You may have missed