Driving license camp in Potka:”पोटका में पहली बार ड्राइविंग लाइसेंस शिविर,विधायक संजीव सरदार ने युवाओं को बांटे लर्निंग लाइसेंस”
सर्च न्यूज: सच के साथ: पोटका (पूर्वी सिंहभूम):पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में पहली बार ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को परिवहन विभाग की सुविधाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराना तथा लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना था।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पहले ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी। अब पोटका में ही शिविर आयोजित होने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।विधायक संजीव सरदार ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक आसानी से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
