September 5, 2026

Delhi: दिल्ली में H1N1 का बढ़ता प्रकोप, 2,300 से ज्यादा मामले; CM ने बुलाई आपात बैठक

Screenshot_20260825_210154_Instagram

सर्च न्यूज: सच के साथ: नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मौसमी फ्लू और H1N1 संक्रमण के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली में इस साल अब तक करीब 3,000 इन्फ्लुएंजा संक्रमण सामने आए हैं, जिनमें 2,308 मामले H1N1 (स्वाइन फ्लू) के हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति की समीक्षा के लिए आपात बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, एमसीडी, एनडीएमसी और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों ने बैठक कर H1N1, मौसमी इन्फ्लुएंजा और वेक्टर जनित बीमारियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों या दवाओं की कोई कमी नहीं है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।अधिकारियों के अनुसार, अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की गई है। सरकार का कहना है कि मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और किसी भी अस्पताल में बिस्तर की कमी होने पर कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक H1N1 में बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। लगातार तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द या हालत बिगड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक ने भी कहा है कि वर्तमान में सामने आ रहा H1N1 कोई नया वायरस स्ट्रेन नहीं है, बल्कि मौसमी इन्फ्लुएंजा का ही हिस्सा है। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

You may have missed