चक्रधरपुर में बेखौफ अपराधि : रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स से शटर तोड़कर 30 लाख रुपये के मोबाइल ले उड़े चोर
सर्च न्यूज: सच के साथ: पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर मुख्य मार्ग (मेन रोड) पर स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में एक बार फिर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। रविवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने दुकान का मुख्य शटर उखाड़कर और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। दुकान संचालक आशीष पाड़िया के अनुसार, चोर दुकान से विभिन्न नामी कंपनियों के 100 से अधिक महंगे स्मार्टफोन समेट ले गए, जिनकी अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये के बीच आंकी गई है।
चौंकाने वाली बात यह है कि इसी रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में महज 74 दिनों के भीतर यह चोरी की दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 23 जुलाई को भी चोरों ने दुकान के पीछे का वेंटिलेटर तोड़कर लगभग 46 लाख रुपये से अधिक के आईफोन, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान उड़ा लिए थे। एक ही दुकान में बार-बार हो रही इन घटनाओं के कारण स्थानीय व्यापारियों और नागरिक समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है, तथा लोगों ने चक्रधरपुर पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
