September 4, 2026

Naxal Encounter in Saranda Forest Chaibasa : सारंडा के घने जंगलों में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, सुरक्षाबलों और माओवादी मिसिर बेसरा के दस्ते के बीच भीषण मुठभेड़

Naxal Encounter in Saranda Forest Chaibasa

Naxal Encounter in Saranda Forest Chaibasa

Chaibasa : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच एक बार फिर जोरदार मुठभेड़ हुई है। सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे निरंतर सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों से आमना-सामना होने के बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। इस संयुक्त अभियान में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस के जवान शामिल हैं।

मिसिर बेसरा के दस्ते से सामना, जवानों ने संभाला मोर्चा

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ कुख्यात और इनामी माओवादी मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ होने की बात सामने आ रही है। बुधवार की सुबह जब कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस के जवान सारंडा के भीतरी इलाकों में गश्त पर थे, तभी वहां पहले से कैंप कर रहे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को देखते ही उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी बिना समय गंवाए तत्काल मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।

कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका, सर्च ऑपरेशन तेज

सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के मारे जाने की प्रबल आशंका है, हालांकि अभी तक किसी भी शव की आधिकारिक पुष्टि पुलिस प्रशासन द्वारा नहीं की गई है। मुठभेड़ के बाद नक्सलियों के पीछे हटने की सूचना है, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। जंगल के दुर्गम क्षेत्रों में अभी भी रुक-रुक कर फायरिंग होने की खबरें मिल रही हैं और सर्च ऑपरेशन को और अधिक सघन बना दिया गया है।

पिछले कई दिनों से जारी है ‘क्लीन स्वीप’ अभियान

उल्लेखनीय है कि सारंडा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बचे हुए नक्सलियों के सफाए के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि जंगल के भीतर नक्सलियों का एक बड़ा समूह सक्रिय है और किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर बुधवार को संयुक्त टीम अभियान पर निकली थी। वर्तमान में सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र को खंगाल रहे हैं ताकि नक्सलियों की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। पुलिस मुख्यालय इस पूरे घटनाक्रम पर बारीकी से नजर बनाए हुए है।

You may have missed