सर्च न्यूज: सच के साथ: चाईबासा, 11 अगस्त 2026: पश्चिमी सिंहभूम जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ₹10 लाख के इनामी नक्सली समेत चार नक्सल कैडरों ने पुलिस और सुरक्षा बलों के समक्ष हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। यह सरेंडर कोल्हान क्षेत्र में जारी अभियान के दौरान हुआ।
सरेंडर करने वालों में जोनल कमेटी सदस्य सलुका कायम भी शामिल है, जिस पर ₹10 लाख का इनाम घोषित था। अन्य सरेंडर करने वाले कैडरों में कोडोमुनी कोड़ा, पिंकी पूर्ति और अनिता तामसोय के नाम सामने आए हैं। सुरक्षा बलों के अनुसार, इन सभी की नक्सली संगठन में सक्रिय भूमिका रही है। सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने AK-47, INSAS राइफल, वायरलेस सेट, मैगजीन और बड़ी संख्या में कारतूस सहित हथियार एवं अन्य सामान सुरक्षा बलों को सौंपे। अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। साथ ही शेष सक्रिय नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की सरेंडर एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाते हुए समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की गई है।