उत्तराखंड: कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर विवाद, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जताई नाराजगी
सर्च न्यूज: सच के साथ: उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की लाइव प्रस्तुति को लेकर विवाद हो गया। कार्यक्रम के बीच में ही उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल अचानक मंच पर पहुंच गए। उन्होंने गायक के प्रदर्शन और उनके हाव-भाव पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इतने बड़े नाम से दर्शकों को एक बेहतर और वास्तविक प्रस्तुति की उम्मीद थी।इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने गायक पर धार्मिक मंच की मर्यादा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह नवरात्रि का पावन अवसर है जो मां दुर्गा की आराधना से जुड़ा है, इसलिए ऐसे पवित्र आयोजन में कथित तौर पर नशे की हालत में प्रस्तुति देना बिल्कुल भी उचित नहीं है। हालांकि, शराब पीने के आरोपों की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विवाद के कुछ समय बाद दलेर मेहंदी ने हाथ जोड़कर स्थिति को संभालने की कोशिश की और दोबारा लाइव गाकर अपना कार्यक्रम पूरा किया।
