थैलेसीमिया से जूझ रहा 8 वर्षीय मासूम, बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए चाहिए ₹45.55 लाख की मदद
पटमदा (पूर्वी सिंहभूम): झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत धादकीडीह गांव निवासी आठ वर्षीय अनूप महतो गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। बचपन से ही थैलेसीमिया मेजर से पीड़ित अनूप के बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी है। हालांकि, इलाज पर आने वाला लगभग 45.55 लाख रुपये का खर्च परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
बेंगलुरु में चल रहा इलाज: प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनूप को इलाज के लिए बेंगलुरु स्थित नारायण हेल्थ सिटी ले जाया गया था। वहां चिकित्सक डॉ. सुनील भट्ट ने जांच और चिकित्सकीय परामर्श के बाद बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी। इस उपचार पर लगभग 45.55 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान बताया गया है।पिता आकाश महतो अपने बेटे को बेहतर उपचार दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने को तैयार हैं। उन्होंने आर्थिक सहायता के लिए झारखंड सरकार और संबंधित विभागों से गुहार लगाई है। साथ ही जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समाज के संवेदनशील लोगों से भी मदद की अपील की है।
सरकारी और सामाजिक सहयोग की उम्मीद: आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण अनूप के इलाज में कोई बाधा न आए, यही परिवार की सबसे बड़ी चिंता है। परिवार को उम्मीद है कि सरकार, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों के सहयोग से उपचार के लिए आवश्यक राशि जुटाई जा सकेगी और अनूप को बेहतर जीवन जीने का अवसर मिलेगा।आठ वर्ष की उम्र में गंभीर बीमारी का सामना कर रहे अनूप और उनके परिवार को इस कठिन परिस्थिति में आर्थिक सहायता और सामाजिक सहयोग की आवश्यकता है।
