September 4, 2026

सुरंग में आग से मची अफरा-तफरी, छोड़कर भागे लोग

Fire

सर्च न्यूज: सच के साथ:

मुंबई के कोस्टल रोड टनल में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टनल के भीतर एक कार में अचानक आग लग गई। घटना के बाद कुछ ही मिनटों में धुएं और लपटों के कारण वाहन चालकों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने अपनी गाड़ियां बीच रास्ते में छोड़ दीं और जान बचाने के लिए पैदल ही टनल से बाहर की ओर दौड़ पड़े। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:25 बजे आग लगने की सूचना मिली। मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 20 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। हादसे के कारण टनल की एक लेन को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें तेजी से फैलती दिखीं, जिससे लोगों में घबराहट फैल गई। कई वाहन चालक अपनी कारें छोड़कर बाहर की ओर भागे, जबकि कुछ लोगों ने वाहनों को पीछे मोड़ने की कोशिश की, जिससे टनल के भीतर जाम की स्थिति बन गई। कुछ यात्रियों ने यह भी दावा किया कि टनल में आपातकालीन संकेतक (साइनबोर्ड) और निकासी मार्गों की जानकारी पर्याप्त स्पष्ट नहीं थी, जिससे संकट के समय भ्रम की स्थिति पैदा हुई।

मुंबई ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आग बुझाने और जली हुई कार को हटाने के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे यातायात धीरे-धीरे सामान्य कर दिया गया। यह सुरंग भारत की पहली अंडरसी रोड टनलों में शामिल है और आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों जैसे धुआं निकासी प्रणाली, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन शरण क्षेत्र और निकासी मार्गों से लैस है। घटना के बाद अब सुरक्षा व्यवस्थाओं और आपातकालीन प्रबंधन की प्रभावशीलता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

You may have missed