Sidhgora: जमशेदपुर के सिदगोड़ा में सनसनी: बंद क्वार्टर से लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी साफ
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के क्रॉस रोड नंबर 20 स्थित टाटा स्टील कर्मचारी सुब्रतो दास के सरकारी आवास (क्वार्टर नंबर एल-4) में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। सुब्रतो दास अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे और उनकी पत्नी अंबिका दास, जो पास के ही रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षिका हैं, स्कूल गई हुई थीं। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाकर दिन के उजाले में ही पूरे घर को खंगाल डाला।दोपहर करीब 12:45 बजे जब सुब्रतो दास लंच ब्रेक में अपने घर लौटे, तो उन्हें पीछे के गेट का ताला टूटा हुआ मिला।
घटना की तुरंत सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति क्वार्टर के पिछले हिस्से से घर में घुसता और कुछ देर बाद बाहर निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि इस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दुस्साहसिक चोरी से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और दहशत का माहौल है
