Saraikela: सरायकेला में दो युवकों की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, जमीन में दफन मिले शव
सर्च न्यूज: सच के साथ: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में दो युवकों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कई दिनों से लापता राहुल हांसदा और तपन प्रधान के शव रामचंद्रपुर-रापचा फुटबॉल मैदान के पास वन विभाग की जमीन में दफन मिले। शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले दोनों युवकों के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, कुछ लोग दो कारों से पहुंचे थे और युवकों को अपने साथ ले गए थे। हालांकि, घटना में शामिल सभी लोगों और हत्या की पूरी वजह को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल चोरी से जुड़े विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हत्या की परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की जांच कर रही है।
