सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड की राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित धांधली को लेकर छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह लगातार जारी है। यह आंदोलन विशेष रूप से जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, कथित पेपर लीक और ओएमआर (OMR) शीट में हेरफेर के विरोध में किया जा रहा है। राज्य के सभी 24 जिलों से आए हजारों अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर डटे हुए हैं।
आंदोलनकारी छात्रों की मुख्य मांग है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा को तत्काल रद्द किया जाए और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं। इसके साथ ही वे पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे हैं ताकि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। छात्रों का कहना है कि यह लड़ाई केवल एक परीक्षा की नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और पारदर्शी रोजगार व्यवस्था की है। ]प्रशासन द्वारा तंबू लगाने की अनुमति न दिए जाने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हैं और तिरपाल व छातों के सहारे रात बिता रहे हैं। अपनी आवाज को और बुलंद करने के लिए छात्रों ने स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक एक विशाल मशाल जुलूस भी निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ठोस विचार नहीं किया गया, तो वे आगामी विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव और बड़े पैमाने पर पैदल मार्च करेंगे।