राँची पुलिस की साइबर अपराधियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, गिरोह के 10 सदस्य गिरफ्तार
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड की राँची पुलिस ने साइबर अपराध नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह त्वरित कार्रवाई राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र और पण्डरा ओ०पी० (आउटपोस्ट) क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी कर एक नाबालिग समेत कुल 10 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह किराये के फ्लैटों को अपना ठिकाना बनाकर देश भर के भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहा था।इस सफल छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध नकदी और तकनीकी उपकरण बरामद किए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि इस गिरोह के तार अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से नौ सदस्य झारखंड के पलामू जिले के और एक सदस्य गढ़वा जिले का रहने वाला है। यह गिरोह लोगों को कूरियर डिलीवरी एजेंट बनकर या फिर फर्जी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपयों की चपत लगा चुका है। राँची पुलिस अब इन आरोपियों के मोबाइल डेटा और बैंक खातों को खंगाल रही है ताकि इस गिरोह के मुख्य सरगना और इनके द्वारा ठगे गए अन्य पीड़ितों का पता लगाया जा सके।
