सर्च न्यूज: सच के साथ: पोटका: पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए विधायक ने विशेष रूप से एंटी वेनम (सर्पदंश रोधी) दवा के स्टॉक की जांच की। अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध पाए जाने पर उन्होंने संतोष जताया और निर्देश दिया कि अन्य जीवनरक्षक दवाओं का भी नियमित रूप से स्टॉक बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की भी समीक्षा की। उन्होंने डॉक्टर विनीता लकड़ा सहित चिकित्सा कर्मियों से अस्पताल की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।विधायक संजीव सरदार ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विशेषकर मानसून के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सतर्क एवं प्रभावी बनाए रखना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र के लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।