सर्च न्यूज: सच के साथ: पटना जिले के पंडारक थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है. ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के निर्देशन में पंडारक पुलिस ने शुक्रवार रात बमपुर पुल के पास घेराबंदी कर एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे तीन कुख्यात अपराधियों को रंगे हाथों धर दबोचा. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में होने वाली एक बड़ी घटना टल गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बमपुर गांव के संजय यादव (उम्र 42 वर्ष) व सिन्टु कुमार उर्फ रवि कुमार (उम्र 26 वर्ष), तथा चिन्तामनचक के अजय कुमार उर्फ चिकन के रूप में की गई है. पुलिस टीम ने जब इनकी विधिवत तलाशी ली, तो इनके पास से 3 देसी कट्टे, 1 पिस्टल, 30 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन और एक ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया.पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. मुख्य आरोपी संजय यादव के खिलाफ पहले से ही हत्या और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि सिन्टु कुमार भी पूर्व में आर्म्स एक्ट के मामलों में संलिप्त रहा है. पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत राय के नेतृत्व में पुलिस टीम अब इन आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इनके पूरे गिरोह और हथियारों के मुख्य स्रोत का पता लगाया जा सके.