Nikhar Sablok murder case:निखार हत्याकांड की जांच के बीच, पुलिस हिरासत में अशोक सिंह राघव की तबीयत बिगड़ी,TMH की क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर: चर्चित युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच के बीच शनिवार को उस समय बड़ा मोड़ आ गया, जब पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मामले के संदेही अशोक सिंह राघव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें गंभीर हालत में पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज TMH की क्रिटिकल केयर यूनिट में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
निखार हत्याकांड में पहले से पूछताछ के घेरे में थे राघव: निखार सबलोक की 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के 10th Mile Stone होटल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में निखार के शरीर पर 11 गोलियां लगने की बात सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। अशोक सिंह राघव को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस उनकी संभावित भूमिका, घटना से पहले के संपर्कों और अन्य संदिग्धों के साथ संबंधों की कड़ियों को खंगाल रही थी। जांच में मोबाइल कॉल डिटेल, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
एक ओर पुलिस निखार हत्याकांड के शूटरों और कथित साजिश की कड़ियों तक पहुंचने में जुटी है, वहीं दूसरी ओर हिरासत में मौजूद एक प्रमुख संदेही की अचानक तबीयत बिगड़ने से जांच की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।पुलिस ने अभी तक अशोक सिंह राघव की तबीयत बिगड़ने के कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इसलिए उनकी स्वास्थ्य स्थिति के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
।
