Nepal Flood: Flash Flood Causes Widespread Destructionनेपाल में तबाही: तिब्बत से आई तेज बाढ़ ने मचाई भारी तबाही |
सर्च न्यूज: सच के साथ:नेपाल के चीन सीमा से सटे रसुवा जिले में बुधवार सुबह अचानक आई तेज बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, तिब्बत की ओर से बड़ी मात्रा में पानी अचानक भोटेकोशी नदी में आया, जिसके बाद तिमुरे, स्याफ्रुबेसी और आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल गया। कई बस्तियों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
बाढ़ के कारण तिमुरे क्षेत्र में सुरक्षा चौकियों और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की खबर है। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, चीन सीमा के पास तिमुरे में तैनात नौ सशस्त्र पुलिसकर्मी लापता बताए गए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक मौतों, घायलों और कुल नुकसान का अंतिम आंकड़ा जारी नहीं किया है। इसलिए सोशल मीडिया पर चल रहे बड़ी संख्या में लोगों के बह जाने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थिति को देखते हुए नेपाल सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। नेपाल सेना के दो हेलीकॉप्टर मेडिकल टीमों के साथ प्रभावित इलाकों में भेजे गए हैं, जबकि निजी हेलीकॉप्टरों को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ का असर आगे नुवाकोट और त्रिशूली नदी के निचले इलाकों तक पहुंचने की आशंका के बीच नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
