NEET Re-Exam 2026: नीट यूजी पुनर्परीक्षा 2026: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्रियों को लिखी चिट्ठी; हीटवेव के बीच निष्पक्ष परीक्षा और बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश
सर्च न्यूज: सच के साथ: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 21 जून, 2026 को होने वाली नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 की पुन: परीक्षा को सुचारू और निष्पक्ष रूप से आयोजित करने के लिए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों, उपराज्यपालों और प्रशासकों को पत्र लिखा है। शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार, 25 मई को यह जानकारी साझा की कि इस पत्र के माध्यम से सरकार ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए राज्यों का सहयोग मांगा है।
गौरतलब है कि नीट-यूजी 2026 की पहली परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों और गंभीर अनियमितताओं के बाद रद्द कर दिया गया था। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए शिक्षा मंत्री ने घोषणा की है कि अगले साल से नीट-यूजी परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जा सकती है। फिलहाल, 21 जून को होने वाली इस पुन: परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 14 जून तक जारी किए जाने की उम्मीद है।
