Nawaz Sharif’s party, PML-N, won the election in Pakistan:नवाज शरीफ की पार्टी PML-N ने जीता गुलाम जम्मू-कश्मीर का चुनाव, हिंसा के बीच हासिल किया बहुमत।
सर्च न्यूज: सच के साथ: गुलाम जम्मू-कश्मीर में भीषण हिंसा, विरोध प्रदर्शनों और राजनीतिक तनाव के बीच हुए विधानसभा चुनाव में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी, पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N), ने शानदार वापसी करते हुए पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है. हालिया चुनावी नतीजों के अनुसार, पीएमएल-एन ने अकेले 23 सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसके बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने क्षेत्र में सरकार बनाने के लिए स्पष्ट बहुमत मिलने का दावा किया है.
यह चुनावी प्रक्रिया अत्यंत तनावपूर्ण और हिंसक माहौल में संपन्न हुई. जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) द्वारा लंबे समय से किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों और सुरक्षा बलों की कठोर कार्रवाई के कारण पिछले कुछ दिनों में कई लोगों की जान जा चुकी है. मुजफ्फराबाद सहित कई प्रमुख चुनावी क्षेत्रों में मतदान के दौरान सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें देखी गईं, जिसके कारण विपक्ष ने बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली और हेरफेर के गंभीर आरोप लगाए हैं.इस चुनाव परिणाम के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी और तेज होने की उम्मीद है. हाल ही में नवाज शरीफ ने इस क्षेत्र का प्रधानमंत्री बनने की इच्छा भी जाहिर की थी ताकि वे विकास कार्यों की खुद निगरानी कर सकें. वहीं दूसरी ओर, भारत ने इस पूरी चुनावी प्रक्रिया को खारिज करते हुए इसे पाकिस्तान द्वारा अपने अवैध कब्जे और वहां मानवाधिकारों के घोर उल्लंघन को छिपाने का एक कॉस्मेटिक प्रयास करार दिया है.