मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की श्रद्धांजलि सभा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, मेयर सुधा गुप्ता एवं शहर के कई अन्य गणमान्य नागरिको ने दी दिवंगत तृषा सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की युवा सुपुत्री तृषा सिंह (युविका) के असामयिक निधन के बाद राजधानी रांची स्थित उनके सरकारी आवास पर एक शोक सभा सह श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अत्यंत भावुक क्षण में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन विशेष रूप से उपस्थित हुए। मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल माता-पिता को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए ईश्वर से पीड़ित परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कई आला अधिकारियों, वरिष्ठ राजनेताओं और जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर मरीन ड्राइव पर हुए एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार युवाओं का आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। इस श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें नम थीं और पूरा माहौल गमगीन बना रहा।
