MGM Hospital, Jamshedpur:एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार को (JSACS) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ की समीक्षा बैठक।
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार को झारखंड स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (JSACS) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने अधिकारियों और चिकित्सकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अस्पताल में संचालित एचआईवी जांच एवं रोकथाम कार्यक्रम की प्रगति का आकलन किया गया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाली सभी गर्भवती महिलाओं की एचआईवी स्क्रीनिंग शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच होने से मां से शिशु में संक्रमण की संभावना को काफी हद तक रोका जा सकता है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।बैठक में अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों के साथ एचआईवी जांच, परामर्श, दवा उपलब्धता और जागरूकता कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी मरीजों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य एचआईवी संक्रमण की रोकथाम और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है। इसके लिए अस्पतालों में नियमित निगरानी, समयबद्ध जांच और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।