September 4, 2026

Mango: मानगो में दिनदहाड़े लूट: जनगणना कर्मी बनकर घर में घुसे तीन बदमाश, महिला को बंधक बनाकर जेवर लूटे

Screenshot_20260831_210651_Google

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में सोमवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि एक महिला समेत तीन लोग खुद को जनगणना कर्मी बताकर एक फ्लैट में दाखिल हुए और घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी सोने के गहने लेकर फरार हो गए

पीड़िता लीलावती अम्मा के अनुसार, शाम करीब चार बजे एक महिला उनके फ्लैट पर पहुंची और खुद को जनगणना विभाग की कर्मचारी बताया। बातचीत के दौरान महिला ने घर का दरवाजा खुलवाया। आरोप है कि दरवाजा खुलते ही उसके साथ आए दो युवक जबरन अंदर घुस गए और महिला को बंधक बना लिया।

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने करीब आधे घंटे तक उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके गले की सोने की चेन और कान की बालियां उतरवा ली गईं। मारपीट में महिला के चेहरे पर चोट आई और उसका दांत भी टूट गया।लूटपाट के बाद आरोपी महिला को फ्लैट की बालकनी में बंद कर मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने बालकनी से पड़ोसियों को आवाज लगाई, जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। दिनदहाड़े अपार्टमेंट में हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति को केवल उसके दावे के आधार पर घर में प्रवेश न दें और पहचान व दस्तावेजों की उचित जांच के बाद ही अंदर आने दें

You may have missed