सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के मानगो चेपा पुल स्थित पकवान रेस्टोरेंट में कैंपा कोल्ड ड्रिंक की सप्लाई को लेकर होटल संचालक और सप्लायर के बीच रविवार (12 जुलाई 2026) को भारी बवाल हो गया. यह मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट और हाथापाई की नौबत आ गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट के बाहर जमा हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले के संबंध में होटल सप्लायर पक्ष का आरोप है कि वे रेस्टोरेंट में अपने पुराने बकाया पैसों का भुगतान लेने पहुंचे थे। सप्लायर का कहना था कि जब रेस्टोरेंट में उनकी कंपनी का डीप फ्रीजर लगा हुआ है, तो उसमें किसी अन्य प्रतिस्पर्धी ब्रांड या दूसरी कंपनियों के कोल्ड ड्रिंक रखकर नहीं बेचे जा सकते। इसी व्यावसायिक नियम और बकाया राशि के लेनदेन की बात को लेकर रेस्टोरेंट संचालक और सप्लायर आपस में भिड़ गए।हंगामे और मारपीट की जानकारी मिलते ही मानगो आजादनगर थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंची और बीच-बचाव कर स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को शांत कराया गया और वहां जुटी भीड़ को हटाया गया। फिलहाल दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए मारपीट के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मामले की सत्यता जानने के लिए गहराई से जांच में जुट गई है।