September 4, 2026

Deoghar:देवघर समाहरणालय में हाई-लेवल बैठक:श्रावणी मेले के सभी कार्य 25 जुलाई तक गुणवत्ता के साथ पूरे करने के सख्त निर्देश

Screenshot_20260712_180609_Chrome

सर्च न्यूज: सच के साथ: देवघर में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में देवघर समाहरणालय में उपायुक्त (डीसी) सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम जलार्पण और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।

उपायुक्त ने बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यपालक अभियंताओं को 25 जुलाई 2026 तक सभी विकास एवं निर्माण कार्यों को हर हाल में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम की समयसीमा के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दुम्मा बॉर्डर से लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और पूरे कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, जिसमें कांवरिया पथ पर महीन बालू बिछाना, अतिक्रमण हटाना और मानसूनी बारिश को देखते हुए जलनिकासी (ड्रेनेज) की मुकम्मल व्यवस्था करना शामिल है।

मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने स्वास्थ्य, सुरक्षा और बिजली आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा है। विद्युत विभाग को कांवरिया पथ के सभी खतरनाक बिजली के पोल हटाने तथा निर्बाध बिजली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, अस्थाई शौचालय, रहने के लिए पंडाल-धर्मशालाएं और चौबीसों घंटे चालू रहने वाले मेडिकल कैंप व अस्थाई अस्पतालों की व्यवस्था की जा रही है ताकि कांवरियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

You may have missed