November 5, 2026

JPSC-JSSC Protest: रांची में हाईलेवल बैठक खत्म, छात्रों ने कहा—सरकार ने मांगों को बताया जायज

jpsc-jssc-1786118312477_m

सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची। झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को रांची में सरकार और छात्रों के बीच बातचीत को लेकर अहम घटनाक्रम सामने आया।

पिछले कई दिनों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती व्यवस्था में सुधार शामिल हैं। सरकार की ओर से छात्रों से बातचीत की पहल पहले ही की गई थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। सरकार ने यह भी कहा है कि कथित परीक्षा अनियमितताओं के मामले में जांच चल रही है और कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

वहीं, छात्र आंदोलन के दौरान अभ्यर्थियों ने बातचीत में पारदर्शिता पर भी जोर दिया है। छात्रों की ओर से सरकार के साथ प्रस्तावित वार्ता की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की मांग रखी गई थी, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे और बाद में किसी तरह का विवाद न हो। हाईलेवल बैठक के बाद छात्रों की मांगों को सरकार द्वारा जायज बताए जाने की बात सामने आने से आंदोलन को लेकर आगे की दिशा पर उम्मीदें बढ़ी हैं। अब निगाह इस बात पर रहेगी कि सरकार छात्रों की मांगों पर कब और क्या ठोस निर्णय लेती है तथा भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवाद का समाधान किस तरह निकाला जाता है।