जमशेदपुर के मानगो पुल पर 3 घंटे भीषण ट्रैफिक जाम: स्कूली बच्चे और दफ्तर जाने वाले लोग परेशान
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर के व्यस्त मानगो पुल पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे पूरे शहर की रफ्तार पूरी तरह से थम गई. सुबह लगभग 8:00 बजे से शुरू हुआ यह महाजाम अगले तीन घंटों तक यानी दोपहर 11:00 बजे तक जारी रहा. यातायात पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में चल रहे बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर निर्माण कार्य और सड़कों पर अचानक वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ जाने की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई. मानगो बस स्टैंड से लेकर डिमना रोड और पुराना कोर्ट गोलचक्कर तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं.
पुलिस के अनुसार, निर्माणाधीन फ्लाईओवर की वजह से सड़कें काफी संकरी हो गई हैं. अधिकारियों ने बताया कि आने वाले नवंबर महीने में फ्लाईओवर की एक लेन को आम जनता के लिए चालू कर दिया जाएगा, जिसके बाद ही मानगो वासियों को इस रोज-रोज के जानलेवा जाम से स्थाई रूप से मुक्ति मिल पाएगी.
