झारखंड में होगा बड़ा उद्यमी सम्मेलन, सीएम को मिला न्योता
झारखंड के उद्योग और व्यापार जगत को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ (एफजेसीसीआई) ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जल्द आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय उद्यमी सम्मेलन की जानकारी दी और उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
प्रस्तावित सम्मेलन में राज्य के अलग-अलग जिलों से उद्योगपति, व्यापारी, स्टार्टअप उद्यमी और व्यवसायिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य उद्योग जगत और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, निवेश के नए अवसर तलाशना तथा झारखंड की आर्थिक प्रगति को गति देना है।
बैठक में एफजेसीसीआई अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा सहित संगठन के कई पदाधिकारी और विभिन्न जिलों के चैंबर प्रतिनिधि मौजूद रहे। उद्योग जगत को उम्मीद है कि इस सम्मेलन से राज्य में व्यापारिक वातावरण को नई मजबूती मिलेगी और रोजगार सृजन के साथ निवेश को भी नई रफ्तार मिलेगी।
