सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची: झारखंड की अग्निशमन एवं आपदा राहत सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 58 अत्याधुनिक ‘मिनी वाटर टेंडर विद मिस्ट टेक्नोलॉजी’ अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक से लैस ये अग्निशमन वाहन संकरी गलियों, घनी आबादी वाले क्षेत्रों और दूरदराज के इलाकों में भी आसानी से पहुंचकर आग लगने जैसी घटनाओं में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य कर सकेंगे।इन वाहनों में मिस्ट टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया है, जिससे कम पानी में भी आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया जा सकेगा। गैस सिलेंडर विस्फोट, शॉर्ट सर्किट, आवासीय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आग लगने जैसी आपात स्थितियों में ये वाहन तेजी से कार्रवाई करने में सक्षम होंगे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग की आधुनिक तकनीकों और नवीनतम उपकरणों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बदलती चुनौतियों के अनुरूप राज्य की फायर सेफ्टी व्यवस्था को अधिक आधुनिक, तेज और प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि आपदा की स्थिति में लोगों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी और अग्निशमन विभाग के कर्मी भी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि इन नए वाहनों के शामिल होने से राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी।