Jharkhand Vidhansabha:झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियां अंतिम चरण में, अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ की अहम समीक्षा बैठक
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची: झारखंड विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को सुचारु, शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने मंगलवार को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभा सचिवालय, गृह विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, ऊर्जा, पेयजल, नगर विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मानसून सत्र लोकतंत्र का महत्वपूर्ण मंच है, जहां जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा होती है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि सदन की कार्यवाही बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 6 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इस दौरान विपक्ष JPSC-JSSC भर्ती विवाद, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार भी अपने विधायी और विकास संबंधी एजेंडे के साथ सदन में उतरने की तैयारी कर रही है। ऐसे में इस सत्र के दौरान तीखी बहस और महत्वपूर्ण चर्चाओं की संभावना जताई जा रही है।
