Jharkhand: झारखंड में ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया होगी बेहद आसान, जमशेदपुर में टाटा मोटर्स स्थापित करेगा पहला IDTR संस्थान
सर्च न्यूज: सच के साथ; रांची: झारखंड में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में राज्य परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत जमशेदपुर के मनपीठा में लगभग 12 एकड़ भूमि पर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत राज्य का पहला ‘इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च’ (IDTR) स्थापित किया जाएगा। इस अत्याधुनिक संस्थान के निर्माण में करीब 22.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और परिवहन क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि महिलाओं के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण और लाइसेंस प्राप्त करने के नियमों को अत्यधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाया जाए। इस नए IDTR संस्थान में आधुनिक सिमुलेटर और विभिन्न सड़क नेटवर्कों की नकल करने वाले ट्रैक्स होंगे, जहां हर साल 3,000 कुशल चालकों को वैज्ञानिक तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा, संस्थान में पुरुषों के लिए 50 बेड और महिलाओं के लिए 25 बेड वाले अलग हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
