Inspection in Sweets Shop:रक्षाबंधन से पहले मिठाई दुकानों पर छापेमारी-जांच, कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
सर्च न्यूज: सच के साथ: सरायकेला-खरसावां, 27 अगस्त 2026: रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में विभागीय टीम ने कई मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, सैनिटेशन और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की।
खाद्य सुरक्षा टीम ने केवल मिठाइयों की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि दुकानों में साफ-सफाई और कर्मचारियों द्वारा अपनाए जा रहे व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में कर्मचारियों को हेड कैप और ग्लव्स का इस्तेमाल करते हुए पाया गया।विभाग ने सभी मिठाई कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, रख-रखाव और भंडारण के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही मिठाइयों में केवल एफएसएसएआई द्वारा अनुमोदित खाद्य रंगों का निर्धारित मानकों के अनुसार इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है।
निरीक्षण के दौरान नंदी स्वीट्स में स्वच्छता और सैनिटेशन की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर विभाग ने सुधार सूचना जारी की। प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।अधिकारियों ने मिठाई कारोबारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि औद्योगिक अथवा अनधिकृत रंगों का इस्तेमाल न किया जाए। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
रक्षाबंधन के अवसर पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी अभियान जारी रखने की बात कही है। उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयां उपलब्ध हों।प्रशासन की इस कार्रवाई से मिठाई दुकानदारों में भी सतर्कता बढ़ी है, वहीं उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जाएगी।
