IIT (ISM) Dhanbad News : आईआईटी धनबाद में ‘इंवेटिव 2026’ का आगाज, राज्यपाल बोले- भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा फिर बनेगी विश्व का मार्गदर्शक
Governor Santosh Kumar Gangwar IIT ISM Dhanbad Invative 2026
Dhanbad : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सोमवार को IIT (ISM) Dhanbad पहुंचे, जहां उन्होंने संस्थान के प्रतिष्ठित आयोजन ‘इंवेटिव 2026’ (Invative 2026) का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नवाचार (Innovation) को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए कहा कि यह मंच केवल शोध का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि भारत के उज्जवल भविष्य की दिशा निर्धारित करने वाला एक क्रांतिकारी कदम है।
150 से अधिक नवाचारों का शक्ति प्रदर्शन
इस प्रदर्शनी में देश के कोने-कोने से आए स्टार्टअप्स, प्रतिष्ठित संस्थानों और उद्योग जगत के दिग्गजों ने हिस्सा लिया। राज्यपाल ने बताया कि इस मंच पर 150 से अधिक उच्च-क्षमता वाले नवाचारों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से:
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल इंडिया
- स्वास्थ्य सेवा (Healthcare) एवं मटेरियल साइंस
- सेमीकंडक्टर तकनीक और पृथ्वी विज्ञान (Earth Sciences)
ये सभी नवाचार वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और बौद्धिक कौशल का जीवंत प्रमाण हैं।
विकसित भारत 2047: युवाओं के कंधों पर जिम्मेदारी
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी पहलें देश के विकास की नई पटकथा लिख रही हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी सृजनशीलता और ऊर्जा को सकारात्मकता के साथ राष्ट्रहित में लगाएं। उन्होंने आईआईटी संस्थानों के साथ अपने व्यक्तिगत जुड़ाव का जिक्र करते हुए यहाँ की अनुशासन और नवाचार संस्कृति की सराहना की।
वाधवाणी इनोवेशन सेंटर और ‘प्रोजेक्ट रिन्यू सूर्या’ की शुरुआत
समारोह के दौरान राज्यपाल ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया। इनमें वाधवाणी इनोवेशन सेंटर (Wadhwani Innovation Center) भविष्य के उद्यमियों को तकनीकी और रणनीतिक सहयोग प्रदान करेगा। वहीं, प्रोजेक्ट रिन्यू सूर्या (Project ReNew Surya) हरित ऊर्जा की दिशा में संस्थान के प्रयासों को नई ऊंचाई देगा।
