September 5, 2026

Garwah: जमीन बनी रिश्तों की दुश्मन, चाचा की हत्या के आरोप में मां-बेटा गिरफ्तार

Screenshot_20260827_110317_Chrome

सर्च न्यूज: सच के साथ: गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, जमीन हड़पने की कथित नीयत से एक भतीजे ने अपनी मां के साथ मिलकर अपने चाचा की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को मकई के खेत में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना करके गांव के यादव टोला की बताई जा रही है। पुलिस को 24 अगस्त की शाम मकई के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान गांव के ही रजिन्द्र यादव उर्फ बुगी के रूप में की। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक का अपने बड़े भाई के परिवार के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूछताछ के दौरान मृतक के 20 वर्षीय भतीजे मुन्नू यादव पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद था। पुलिस का कहना है कि मृतक की जमीन पर कब्जे की नीयत से हत्या की साजिश रची गई थी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को मकई के खेत में फेंक दिया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया। इसके अलावा आरोपी के मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्नू यादव और उसकी मां मिला देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और घटना में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर जमीन और संपत्ति के विवाद में बिगड़ते पारिवारिक रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

You may have missed