एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के खिलाफ पोटका में झामुमो का महासंग्राम: विधायक संजीव सरदार बोले, ‘हक छीनने की साजिश बर्दाश्त नहीं’
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) पोटका प्रखंड कमेटी के तत्वावधान में शनिवार, 19 सितंबर 2026 को केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक (MMDR) के खिलाफ प्रखंड मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन में स्थानीय ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र की भाजपा नीत सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस संशोधित कानून को पूरी तरह से जनविरोधी और राज्य विरोधी करार दिया।
सड़क से सदन तक उलगुलान की चेतावनी, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन: झामुमो नेताओं ने स्पष्ट किया कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों और आर्थिक हितों से किसी भी प्रकार की अनदेखी या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने जनता से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि राज्य के हक और अधिकार के लिए यह आंदोलन सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क से लेकर सदन तक यह लड़ाई जारी रहेगी। विरोध प्रदर्शन के समापन के उपरांत झामुमो के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक विस्तृत मांग पत्र पोटका के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचल अधिकारी (CO) को सौंपा, जिसमें इस विवादित बिल को अविलंब वापस लेने की मांग की गई है।
