दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस मुस्तैद: जमशेदपुर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया गया दंगा-रोधी मॉक ड्रिल
सर्च न्यूज: सच के साथ: आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य त्योहारों के मद्देनजर जमशेदपुर शहर में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ० ऐहतेशाम वकारिब के विशेष निर्देश पर पुलिस केन्द्र, गोलमुरी में एक वृहत दंगा-रोधी मॉक ड्रिल (Anti-Riot Mock Drill) का आयोजन किया गया। इस विशेष अभ्यास का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैयारियों को परखना और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से सजग बनाना था।
त्योहारी सीजन के दौरान शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रखने के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा व्यापक योजना तैयार की गई है। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया ताकि आम नागरिक बिना किसी भय या व्यवधान के पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ दुर्गा पूजा का त्योहार मना सकें। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों और हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
