November 5, 2026

Dhanbad:झरिया में ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला, कतरास मोड़ पर भारी हंगामा,5 आरोपी गिरफ्तार, 35 पर केस दर्ज

Screenshot_20260716_144347_Chrome

सर्च न्यूज: सच के साथ:धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कतरास मोड़ पर पुलिस गश्ती दल पर हुए पथराव और हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस की टीम इलाके में ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ और सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ अभियान चला रही थी। कतरास मोड़ के पास अंग्रेजी शराब दुकान के समीप एक कार के बोनट पर कुछ लोग खुलेआम शराब पी रहे थे और पास की एक बस्ती में आई बारात के लोग वहां हंगामा कर रहे थे। जब गश्ती दल ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर ऐसा करने से रोका, तो नशे में धुत लोग उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज व हाथापाई करने लगे।

देखते ही देखते वहां असामाजिक तत्वों और स्थानीय उपद्रवियों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसने पुलिस टीम को निशाना बनाकर अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान उपद्रवियों द्वारा कथित तौर पर सुतली बम भी फेंके गए, जिससे पूरे कतरास मोड़ इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हमले में पुलिस के गश्ती वाहन के शीशे टूट गए और कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं। स्थिति को बेकाबू होता देख पुलिस को आत्मरक्षार्थ लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद उपद्रवी वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है।

सिंदरी के एसडीपीओ (SDPO) प्रकाश चंद्र महतो और झरिया थाना प्रभारी ने एक प्रेसवार्ता का आयोजन कर इस पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और पहचान के आधार पर पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए कतरास मोड़ से सिंह नगर तक पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।