देश के कोल सेक्टर का कमांड सेंटर बना रांची, ड्रोन और आधुनिक तकनीकों से अभेद्य होगी कोयला खदानों की सुरक्षा
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड की राजधानी रांची को देश के संपूर्ण कोयला क्षेत्र (कोल सेक्टर) की सुरक्षा का केंद्रीय कमान सेंटर बनाया गया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने सुरक्षा व्यवस्था को हाई-टेक और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अपने प्रशासनिक और कार्यात्मक ढांचे में एक ऐतिहासिक बदलाव किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद यह नई व्यवस्था 1 नवंबर 2026 से पूरे देश में प्रभावी रूप से लागू होने जा रही है। इस बड़े पुनर्गठन के तहत सीआईएसएफ ने पुरानी पारंपरिक क्षेत्रीय सीमाओं को समाप्त कर ‘सेक्टर आधारित डोमेन विशेषज्ञता’ को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
कोयला क्षेत्रों में अरबों रुपये की कोयला चोरी, अवैध उत्खनन और सुरक्षा लीकेज पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए इस कमांड सेंटर को अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है। रांची कमान के तहत विशेष सुरक्षा दस्ते तैनात किए जा रहे हैं जो ड्रोन और एंटी-ड्रोन प्रणालियों, वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग, सैटेलाइट इमेजरी और साइबर सुरक्षा तकनीकों का उपयोग कर चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। इस एकीकृत कमान सेंटर (ICCC) के जरिए सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का रियल-टाइम आदान-प्रदान होगा, जिससे संवेदनशील खनन क्षेत्रों की पहरेदारी को अचूक और डिजिटल रूप से मजबूत बनाया जा सकेगा।
