September 6, 2026

Clean Energy Milestone: IIT (ISM) Dhanbad Becomes First Institution in District to Get PNG धनबाद में स्वच्छ ऊर्जा की नई शुरुआत, IIT (ISM) बना पहला PNG संस्थान

Screenshot_2026-08-29-21-57-40-351-edit_com.google.android.googlequicksearchbox

सर्च न्यूज: सच के साथ:धनबाद, 29 अगस्त 2026: IIT (ISM) धनबाद ने स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए परिसर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा शुरू कर दी है। इसके साथ ही IIT (ISM) धनबाद जिले का पहला संस्थान बन गया है, जहां PNG की आपूर्ति शुरू हुई है। शनिवार को संस्थान के 150 क्वार्टर वाले गिरिडीह रोड साइड (GR) क्षेत्र में PNG सेवा का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा और दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष शकुंतला मिश्रा ने संयुक्त रूप से इस सुविधा की शुरुआत की। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, परिसर के निवासी और GAIL Gas Limited के प्रतिनिधि मौजूद रहे। संस्थान के अनुसार, PNG को पारंपरिक LPG सिलिंडर की तुलना में अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल ईंधन विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

PNG कनेक्शन का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। शुरुआती चरण में GR क्षेत्र में आपूर्ति शुरू की गई है, जबकि अन्य क्वार्टरों और स्टाफ आवासों में कनेक्शन देने का काम जारी है। IIT (ISM) का लक्ष्य सितंबर तक पूरे परिसर में 647 से अधिक PNG कनेक्शन उपलब्ध कराने का है। इसके बाद छात्रावासों और अन्य पात्र भवनों तक भी इस सुविधा का विस्तार करने की योजना है।

संस्थान का कहना है कि PNG की शुरुआत से परिसर में ईंधन की आपूर्ति अधिक सुविधाजनक होने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिलेगा। GAIL Gas के अधिकारियों ने भी इसे धनबाद में प्राकृतिक गैस नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। IIT (ISM) की यह पहल भविष्य में जिले के अन्य संस्थानों और आवासीय क्षेत्रों में भी स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को प्रोत्साहित कर सकती है।

You may have missed