September 5, 2026

Erratic Monsoon Raises Concern for Farmers as 11 Jharkhand Districts Face Rainfall Deficit बारिश की बेरुखी से झारखंड के किसान चिंतित, 11 जिलों में वर्षा की कमी

IMG-20260829-WA0097

सर्च न्यूज: सच के साथ:रांची, 29 अगस्त 2026: झारखंड में इस साल मानसून की बारिश का वितरण असमान रहने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। राज्य के 24 में से 11 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश की कमी दर्ज की गई है। इनमें पाकुड़ की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है, जहां सामान्य से 54 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में एक जून से 28 अगस्त तक 698 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 778.3 मिलीमीटर होती है।

बारिश की कमी का असर खरीफ फसलों, खासकर धान की खेती पर पड़ने की आशंका है। पाकुड़ के बाद देवघर में 48 प्रतिशत, कोडरमा में 40 प्रतिशत, गढ़वा और गिरिडीह में 37-37 प्रतिशत, गोड्डा में 31 प्रतिशत तथा हजारीबाग में 30 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है। हालांकि, पूरे राज्य के स्तर पर 10 प्रतिशत की कमी को मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।

मौसम विभाग ने किसानों के लिए आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद जताई है। रांची मौसम केंद्र के अनुसार, 5 सितंबर तक झारखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 29 अगस्त से 1 सितंबर के बीच कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और धनबाद में भारी बारिश की संभावना बताई गई है।

बारिश के क्षेत्रीय असमान वितरण के बावजूद राज्य के कुछ जिलों में अच्छी बारिश हुई है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 42 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि सात अन्य जिलों में बारिश सामान्य रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने पर राज्य की कुल वर्षा की कमी कम हो सकती है और धान समेत खरीफ फसलों को भी राहत मिल सकती है।

You may have missed