Chaibasa: चाईबासा में पुलिस की तकनीकी पहल से 33 लोगों को मिले उनके खोए मोबाइल
सर्च न्यूज: सच के साथ: पश्चिमी सिंहभूम। चाईबासा पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी जांच और CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से 33 मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपा।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय पूजा कुमारी ने किया। तकनीकी टीम ने अलग-अलग मामलों में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की जानकारी जुटाई और उनके IMEI समेत तकनीकी विवरण के आधार पर ट्रैकिंग की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद पुलिस को मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
पुलिस द्वारा गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने के लिए CEIR प्रणाली का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस तकनीकी व्यवस्था के माध्यम से मोबाइल के बारे में जानकारी प्राप्त कर उसकी पहचान और ट्रैकिंग में मदद मिलती है। झारखंड पुलिस के हालिया आंकड़ों के अनुसार, 25 अगस्त को राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 817 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को लौटाए गए, जिनमें चाईबासा के 33 मोबाइल भी शामिल हैं।
चाईबासा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR/संचार साथी के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि फोन को ट्रैक करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले बाजारों, हाट और सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल एवं अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।
