November 5, 2026

बोकारो की कथारा कोलियरी में बड़ा हादसा: कोयले का विशाल ढेर धंसने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत,

file_00000000a6e08210b674d57aad89e55a

झारखंड के बोकारो जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है। बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र के अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में तड़के कोयले का एक विशाल ढेर अचानक भरभराकर धंस गया। इस भीषण हादसे में वहां मौजूद सात लोग मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे बांध बस्ती और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना तड़के करीब 3:00 से 4:45 बजे के बीच की बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं घरेलू उपयोग तथा जलावन के लिए रिजेक्ट किए हुए कोयले को इकट्ठा करने के लिए स्टॉकयार्ड पहुंचे थे। इसी दौरान भारी मात्रा में कोयला ऊपर से नीचे गिर पड़ा और वहां काम कर रहे 6 महिलाओं और 1 पुरुष को अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों की पहचान बांध बस्ती निवासी पुष्पा देवी (पति गल्लू रजवार), कौशल्या देवी (पति विश्वनाथ यादव), और सहोदरी देवी (पति हीरालाल यादव) के रूप में की गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस प्रशासन और सीसीएल प्रबंधन की टीमें तुरंत बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालकर सीसीएल क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मलबे से सुरक्षित निकाले गए चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) रेफर किया गया है। बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रवींद्र सिंह ने घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि प्रबंधन और पुलिस प्रशासन मामले की गहन जांच में जुट गए हैं।

You may have missed