बकरीद से पहले अलर्ट मोड में जमशेदपुर पुलिस, संवेदनशील इलाकों में बढ़ी चौकसी
जमशेदपुर: बकरीद पर्व को लेकर जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। City SP Lalit Meena के नेतृत्व में पुलिस लगातार संवेदनशील इलाकों की मॉनिटरिंग कर रही है और सुरक्षा बलों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया है। त्योहार के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
City SP ललित मीणा ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रहा है और प्रशासन की प्राथमिकता है कि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी विशेष नजर रख रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं शहरवासियों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बकरीद को लेकर बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर में पुलिस की सक्रियता साफ दिखाई दे रही है। लगातार पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और निगरानी से प्रशासन यह संदेश देने की कोशिश कर रहा है कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
