Banks to be operational on Sunday:हड़ताल के मद्देनजर 27 सितंबर, रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे सभी सरकारी बैंक, RBI का ऐलान
सर्च न्यूज: सच के साथ: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा घोषित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बड़ा आपातकालीन फैसला लिया है। इस ऐतिहासिक निर्णय के तहत 27 सितंबर 2026 को रविवार के दिन भी देश की सभी बैंक शाखाएं, कार्यालय, एटीएम-लिंक्ड ब्रांच और करेंसी चेस्ट पूरी तरह से खुले रहेंगे। सरकार और आरबीआई ने यह कदम आम जनता और बैंक ग्राहकों की सुविधा सुनिश्चित करने तथा लंबी छुट्टियों के कारण होने वाली संभावित दिक्कतों से बचाने के लिए उठाया है।दरअसल, बैंक कर्मचारी यूनियनों ने अपनी विभिन्न मांगों (मुख्य रूप से 5-डे वर्किंग वीक) को लेकर 28 सितंबर से 30 सितंबर तक तीन दिनों की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
आरबीआई द्वारा इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) को जारी किए गए आधिकारिक पत्र के अनुसार, सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) को कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए रविवार को सामान्य रूप से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, हड़ताल के दिनों में ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं जैसे UPI, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और स्वतंत्र एटीएम सामान्य रूप से काम करते रहेंगे, फिर भी ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे शाखा-निर्भर महत्वपूर्ण कार्य जैसे बड़ी नकदी निकालना या जमा करना 27 सितंबर को ही समय रहते निपटा लें।
