सर्च न्यूज: सच के साथ: एयरटेल ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि उसका अनलिमिटेड 5G डेटा लाभ केवल पंजीकृत स्मार्टफोन पर उपयोग के लिए है और मोबाइल हॉटस्पॉट शेयरिंग के लिए लागू नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस खबर के बाद कि एयरटेल और जियो दोनों 20 जुलाई से हॉटस्पॉट शेयरिंग को पूरी तरह बंद कर रहे हैं, एयरटेल के नियमों व शर्तों से यह साफ हो गया है कि कंपनी का यह ऑफर केवल ‘व्यक्तिगत’ और ‘गैर-व्यावसायिक’ मोबाइल उपयोग के लिए ही मान्य है।
यदि आप एक एयरटेल (Airtel) उपभोक्ता हैं और अपने फोन से हॉटस्पॉट ऑन करके लैपटॉप, टैबलेट या अन्य डिवाइस कनेक्ट करते हैं, तो उस दौरान खर्च होने वाला डेटा आपके मुख्य रिचार्ज प्लान के डेली 4G डेटा कोटा (जैसे 1.5GB या 2GB प्रतिदिन) से काटा जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह नियम व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने और नेटवर्क की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए लागू किया गया है।दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर रिलायंस जियो (Reliance Jio) को लेकर चल रहे दावे पूरी तरह आधिकारिक नहीं हैं। जियो ने 20 जुलाई से राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी किसी भी हॉटस्पॉट पाबंदी की घोषणा नहीं की है और उनका अनलिमिटेड 5G डेटा फिलहाल हॉटस्पॉट के जरिए अन्य डिवाइसों पर भी काम कर रहा है। हालांकि, टेलीकॉम इंडस्ट्री में बढ़ती ऑपरेटिंग कॉस्ट को देखते हुए भविष्य में असीमित डेटा प्लान्स को फिक्स्ड डेटा पैक्स में बदलने की अटकलें तेज हैं।