सर्च न्यूज: सच के साथ: आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के पास राजेंद्र नगर-दुर्ग डाउन साऊथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन के सेकंड एसी कोच (A1) से बदमाशों ने करीब 8 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और कीमती सामान की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। यह घटना तब हुई जब ट्रेन टाटा नगर स्टेशन पहुंचने वाली थी। पीड़ित परिवार बिहार के बक्सर से टाटा नगर की यात्रा कर रहा था और इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित यात्री के अनुसार, जब ट्रेन आदित्यपुर स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास धीमी हुई, तभी अज्ञात चोरों ने कोच में प्रवेश किया और सीट के पास रखा बैग उड़ा लिया। उस बैग में सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। घटना का पता तब चला जब यात्री टाटा नगर स्टेशन पर उतरने की तैयारी करने लगे। बैग गायब देखकर उन्होंने तुरंत शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रेन से कूदकर भाग चुके थे।टाटा नगर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत जीआरपी (GRP) थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। रेल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आदित्यपुर आउटर के आसपास के संदिग्धों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। यात्रियों ने ट्रेन के सेकंड एसी कोच जैसे सुरक्षित माने जाने वाले डिब्बे में अटेंडेंट की लापरवाही और सुरक्षा बलों की अनुपस्थिति पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।