September 4, 2026

Vrindavan,Uttar Pradesh:उत्तर प्रदेश के वृंदावन में निर्माणाधीन ओमैक्स मॉल की शटरिंग गिरी, एक नेपाली नागरिक सहित 3 मजदूरों की मौत

Screenshot_20260821_154543_Instagram

सर्च न्यूज: सच के साथ: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला अंतर्गत वृंदावन में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां रुकमणि विहार इलाके में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला ओमैक्स मॉल (Omaxe Mall) की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक नेपाली राष्ट्रीयता वाले मजदूर समेत कुल तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत घटना स्थल पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से व्यापक बचाव कार्य शुरू किया गया.

यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब मॉल की चौथी मंजिल पर छज्जे के निर्माण के लिए कंक्रीट डालने का काम चल रहा था. उसी दौरान अचानक भारी-भरकम शटरिंग टूटकर नीचे गिर गई और वहां काम कर रहे मजदूर उसके मलबे में दब गए. मलबे से निकाले जाने के बाद एक मजदूर शिवराम (42 वर्ष), जो कि नेपाल का रहने वाला था, उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दो अन्य मजदूरों ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इसके अलावा पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक अन्य मजदूर दिलदार सिंह (40 वर्ष) की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्लोक कुमार और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया. पुलिस प्रशासन ने पुष्टि की है कि दमकल विभाग द्वारा पूरे मलबे की गहन जांच कर ली गई है और अब कोई भी मजदूर अंदर नहीं फंसा है. शुरुआती जांच में शटरिंग के काम में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवारों की शिकायत के आधार पर मॉल प्रबंधन और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है.

You may have missed