Tata Main Hospital:टीएमएच में नई हृदय चिकित्सा सुविधाओं की शुरुआत, मरीजों को मिलेगी राहत
सर्च न्यूज: सच के साथ: टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक कार्डियक कैथेटराइजेशन प्रयोगशाला (कैथ लैब) से सुसज्जित नई हार्ट केयर यूनिट को पूरी तरह शुरू कर दिया गया है। इस उन्नत इकाई के क्रियाशील होने से जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को 24 घंटे आपातकालीन कार्डियक केयर और एंजियोप्लास्टी की बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी।
इस नई तकनीकी शुरुआत के साथ ही टाटा मुख्य अस्पताल उन्नत कार्डियक इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस झारखंड के सबसे प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों में शुमार हो गया है। टीएमएच की कार्डियोलॉजी टीम पहले ही क्षेत्र में 22,000 से अधिक सफल हृदय प्रक्रियाओं को अंजाम दे चुकी है। नए हार्ट केयर ब्लॉक के शुरू होने से अब डॉक्टरों को जटिल ऑपरेशनों को और अधिक सुरक्षा व सफलता दर के साथ पूरा करने में मदद मिलेगी।
